हरियाणा के अजय गिल माही की मुराद बुधवार देर शाम पूरी हो गई। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने न केवल उससे मुलाकात की, बल्कि अपने फॉर्म हाउस के अंदर बुलाया। गले लगाया। सेल्फी ली। बैट पर ऑटोग्राफ दिया और बेस्ट ऑफ लक बोल कर फ्लाइट के टिकट के साथ विदा कर दिया।
हरियाणा के जलान खेड़ा के 18 साल का अजय गिल धौनी से मिलने के लिए दूसरी बार 1436 किलोमीटर पैदल यात्रा कर रांची पहुंचा था। पिछली बार उसने 16 दिन में यह यात्रा पूरी की थी। इस बार उसे 18 दिन लगे। धौनी से मुलाकात के बाद उसने कहा- ‘मेरा जीवन धन्य हो गया।’
क्रिकेट खेलना चाहता है अजय
अजय ने बताया कि 12वीं पास कर लिया हूं। फिलहाल अपने शहर में ही हेयरकटिंग करने का काम करता हूं। क्रिकेट खेलता हूं और इसी में अपना करियर बनाना चाहता हूं। जब से धौनी ने संन्यास लिया, मैंने खेलना बंद कर दिया था, लेकिन अब वह उनका आशीर्वाद लेकर एक बार फिर से अपना करियर दोबारा से शुरू करूंगा।

