रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) एक साथ चार सिविल सेवा परीक्षाएं ले रहा है, क्योंकि 2016 में हुई छठी सिविल सेवा परीक्षा के बाद पांच सालों से परीक्षाएं नहीं ली है। 7वीं, 8वीं, 9वीं और 10वीं सिविल सेवा के 252 पदों के लिए प्रारंभिक टेस्ट (पीटी) रविवार काे हो रही है। परीक्षा दो पालियों में हो रही।
पहली पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली में दिन के 2 बजे से 4 बजे तक परीक्षा ली जाएगी। वहीं, कैंडिडेट्स को एग्जाम सेंटर पर कोविड गाइडलाइन का ध्यान रखते हुए प्रवेश दिया गया।
कैंडिडेट्स के हाथों को सैनिटाइज किया गया। उनकी बॉडी का टेंप्रेचर मापा गया और जिनके पास मास्क नहीं था, उन्हें मास्क भी उपलब्ध करवाया गया। इधर, राज्य भर में 1102 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन चारों परीक्षा को मिलाकर कुल 3 लाख 70 हजार अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।
सरकार का लक्ष्य 1 लाख नौकरी देना
हेमंत सोरेन सरकार ने इस साल एक लाख नौकरी देने की घोषणा की है। इस कारण विभिन्न विभागों में नियुक्ति प्रक्रिया जारी है। जेपीएससी की एक साथ चार सिविल सेवा परीक्षाएं लेना इसी कड़ी का एक हिस्सा है। सरकार ने सबसे पहले आयोग के अध्यक्ष और तीन सदस्यों की नियुक्ति कर जेपीएससी को मजबूती दी, ताकि वर्ष 2006 से अब तक खाली पड़े 2500 से अधिक पद तेजी से भरे जा सकें। विश्वविद्यालयों में 12 साल से रुकी असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू हो सके। साथ ही सातों विवि में 2000 शिक्षकों की प्रोन्नति का मामला क्लीयर किया जा सके।

