पलामू: नावाबाजार थाना क्षेत्र में बुधवार की रात डकैती की घटना हुई। NH-98 पर संचालित एक लाइन होटल को डकैतों ने निशाना बनाया। मेदिनीनगर-औरंगाबाद मेन रोड पर कंडा में लाडो लाइन होटल है। 6 की संख्या में अपराधी देर रात एक बजे होटल पहुंचे। हथियार के दम पर होटल मालिक समेत होटल के ऊपर घर में मौजूद परिवार के सदस्यों और सभी स्टाफ को बंधक बनाकर एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद 55 हजार रुपये नगद और एक लाख 15 हजार के जेवरात लूट लिए। शादी में मिले नए बर्तन, तीन मोबाइल फोन व एक बाइक भी डकैत अपने साथ ले गए।
काफी देर के बाद होटल मालिक मनोज मेहता किसी तरह कमरे की दीवार तोड़ कर बाहर निकले और दरवाजा खोला। तब सभी बाहर निकले। मनोज ने बताया कि डकैतों में तीन ने चेहर ढ़क रखा था। सभी पिस्तौल और कटार लिए हुए थे। होटल में उत्पात मचाते हुए सबके साथ मारपीट भी किया। घटना की सूचना के बाद पुलिस सक्रिय हुई और लूटी गई बाइक को बरामद कर लिया।
इसके अलावे पतरिहा गांव में वासुदेव कुमार भुइंया के घर 11 बजे रात में 15 हजार नगद लूट कर फरार हो गए। थाना प्रभारी लालजी यादव ने बताया कि अपराधियों को गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अनुसंधान जारी है। दोनों मामलों में एक ही गैंग हैं। पुलिस वाहन चेकिंग को देख बाइक को वहीं छोड़ अपराधी भाग निकले। डकैतों में से एक ने दिन में भिखारी बनकर वासुदेव के घर की रेकी की थी। दोपहर में उनके ही घर से मांग कर खाना भी खाया था।

