राज्य सरकार युवाओं को उद्योगों की वर्तमान आवश्यकता के अनुसार जाब ओरिएंटेड डिग्री प्रदान करने के लिए सात नए प्रोफेशनल कालेज खोलेगी।
राज्य के सात जिलों में एक-एक प्रोफेशनल कालेज की स्थापना की जाएगी, जिसे बहु-अनुशासनिक संस्थान का रूप दिया जाएगा।
सबसे बड़ी बात यह है कि उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने इन कालेजों की स्थापना के लिए इन जिलों के 13 प्रखंडो का चयन किया है। जमीन की उपलब्धता के आधार पर संबंधित प्रखंड में प्रोफेशनल कालेज की स्थापना की जाएगी।
रांची में तमाड़, बुढ़मू और लापुंग का चयन
विभाग ने रांची में प्रोफेशनल कालेज खोलने के लिए तमाड़, बुढ़मू तथा लापुंग का चयन किया है। इसी तरह, खूंटी के लिए अड़की प्रखंड का चयन किया गया है।
लातेहार में बरवाडीह, महुआडांड़ या बरियातु में से किसी एक प्रखंड में तथा चतरा में प्रतापपुर तथा हंटरगंज के बीच इस कालेज की स्थापना की जाएगी।
देवघर में सारवां, पलामू में पाटन प्रखंड
पलामू में पाटन प्रखंड, देवघर में सारवां तथा धनबाद में बाघमारा तथा तोपचांची प्रखंड का चयन इसके लिए किया गया है। अब विभाग इन सात जिलों के डीसी को पत्र भेजकर संबंधित प्रखंडों में जमीन उपलब्ध कराने का निर्देश देगा।
साथ ही योजना की प्रशासनिक स्वीकृति की समानांतर कार्रवाई की जाएगी। राज्य में प्रोफेशनल कालेजों की भारी कमी है।
साथ ही यहां की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए सुदूरवर्ती क्षेत्रों में ऐसे कालेजों की स्थापना की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
विधानसभा में भी विधायक अपने-अपने क्षेत्र में इस कालेज की स्थापना की मांग करते रहे हैं। बताते चलें कि हाल के वर्षों में राज्य में नए इंजीनियरिंग कालेज तो खुले हैं, लेकिन प्रोफेशनल कालेज की स्थापना नहीं हो पाई है।

