रांची: झारखंड में मानसून के पहुंचने के दिन करीब आ गए है। जिसके बाद लोगों को भीषण गर्मी से जल्द ही राहत मिलने वाली है। संभावना जतायी जा रही है कि इस साल मॉनसून झारखंड में कुछ समय पहले ही दस्तक देगा। झारखंड में 8 या 9 जून तक मॉनसून दस्तक दे सकता है। इसकी जानकारी मौसम विभाग के निदेशक अभिषेक आनंद ने दी है। उन्होंने बताया कि झारखंड में प्री मानसून बारिश की शुरुआत हो गई है। राजधानी रांची सहित राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। पिछले कुछ दिनों में राज्य के सभी जिलों में मौसम में बदलाव आया है। पिछले कुछ दिनों से झारखंड की राजधानी में सुबह चिलचिलाती धूप रहती है, तो शाम होते होते हल्की बारिश हो जाती है। बारिश के साथ- साथ तेज हवा और गर्जन भी हो रही है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिला है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक 27 मई को मॉनसून केरल में प्रवेश करेगा। जिसके बाद वह आगे की ओर बढ़ेगा। इसी क्रम में झारखंड में 8 से 9 जून तक प्रवेश कर जायेगा।

