धनबाद-एलेप्पी ट्रेन में एक पेंट्रीकार स्टाफ ने रविवार को दिव्यांग लड़की से छेड़खानी की। विरोध करने पर युवती और उसके पिता से मारपीट भी की। घटना 3.30 बजे की है, तब ट्रेन चंद्रपुरा स्टेशन पार कर रही थी। आरोपित को हटिया स्टेशन पर उतारा गया। उसे पकड़कर पहले हटिया जीआरपी को सौंपा गया, फिर वहां से चंद्रपुरा जीआरपी को सौंप दिया गया।
रांची रेलवे स्टेशन के आरपीएफ पोस्ट इंचार्ज सुमन झा ने बताया कि आरोपित को पहले रांची स्टेशन पर उतारने की कोशिश हुई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। तब उसे हटिया स्टेशन पर पकड़ा जा सका। आरोपित को हटिया जीआरपी ने नीचे उतारा। रात आठ बजे पटना जाने वाली ट्रेन से उसे चंद्रपुरा भेज दिया गया। आरोपित पेंट्रीकार कर्मी कुणाल सिंह बेगूसराय जिले के टेंगरा थाना का रहने वाला है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि दिव्यांग लड़की बोगी में पिता के साथ यात्रा कर रही थी।
इस बीच कुणाल सिंह ने उससे छेड़खानी की। लड़की के पिता ने विरोध किया तो उसने पिता के साथ मारपीट की और लड़की को जबरन शौचालय की ओर ले गया। इसके बाद वह भाग गया। घटना की जानकारी लड़की के पिता ने मुरी स्टेशन पर आरपीएफ को दी। वहां ट्रेन में आरोपित की खोजबीन की गई, लेकिन आरोपित नहीं मिला। मुरी आरपीएफ थाना से इसकी जानकारी रांची आरपीएफ को दी गई। इसके बाद हटिया जीआरपी ने आरोपित को पकड़ा।

