रांची: रिम्स के मेडीसिन आईसीयू में शुक्रवार की शाम एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। मृतक मरीज का नाम शायरा खातून है। वह ओरमांझी थाना क्षेत्र स्थित ईरवा की रहने वाली थी। उल्टी और सांस लेने में परेशानी की शिकायत के बाद रिम्स में भर्ती कराया गया था।
मरीज की मौत के बाद परिजन आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते मृतक मरीज के परिजन और सुरक्षा में तैनात निजी गार्ड आपस में मारपीट करने लगे। इसके कारण ICU में अफरा- तफरी का माहौल हो गया। अस्पताल शिविर के पुलिसकर्मियों के हस्तक्षेप किए जाने के बाद मामला शांत हुआ।
परिजनों का आरोप डॉ.की लापरवाही से गई मरीज की जान
मृतका के परिजनों का आरोप था कि डॉक्टरों की लापरवाही की वजह से मरीज की जान चली गई। अगर डॉक्टर समय रहते देखे होते तो उसकी जान बच सकती थी। मरीज की मौत के बाद परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि डॉक्टरों के लापरवाही के बारे में बोलने के बाद वहां सुरक्षा में तैनात निजी गार्ड बेवजह उन लोगों के साथ बदसलूकी करने लगे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

