रांची :सदर थाना क्षेत्र के हैदर अली रोड में एक युवक ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। युवक ने प्रेमिका के नाम पत्र और एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है। सुसाइड नोट में लिखा- मैं दिनेश कुमार, हैदर अली रोड का रहने वाला हूं। मुझे अब इस दुनिया में जीने का मन नहीं है। क्योंकि, मेरे अंदर की इच्छा काे मार दिया गया है। इसके जिम्मेदार दाे लाेग हैं। एक मेरी बाबू और दूसरा युवक… उर्फ ……। जबकि, प्रेम पत्र में उसने लिखा है- ” हम पागल हैं जो ये प्यार को सच मान बैठे थे। हमको लगा एक जीवनसाथी मिल गया है। हमको मुसीबत में देखकर उसको भी दर्द होगा, लेकिन यह मेरी गलतफहमी थी। इ अच्छा से रहना बाबू। हमको भूलकर एक नया जिंदगी शुरू करना। हसीन पलों को दिल में समेटे जा रहा हूं, खुश रहना। हम तुमको न भूल पाएंगे। सॉरी, आज तक जो भी बोले उसके लिए माफ कर देना।”
ग्रेजुएशन में 82% अंक लाया था
मृतक दिनेश मूल रूप से बिहार के वैशाली जिले के लालगंज का रहने वाला था। वह रांची में अपने बड़े भाई के साथ UPSC की तैयारी कर रहा था। बड़े भाई मुकेश कुमार ने बताया कि दिनेश पढ़ने में काफी तेज था। स्नातक में उसने 82% अंक प्राप्त किए थे। वह UPSC की तैयारी कर रहा था, लेकिन मोहल्ले की एक लड़की के प्रेम में था। उसी से धोखा मिलने पर उसने सुसाइड कर लिया।
2 दिन बाद दिल्ली जाने वाला था
दिनेश के पिता ने बताया कि अब वह रांची छोड़ने वाला था। दो दिन के बाद की उसकी टिकट थी। दिल्ली जाने की सारी तैयारी हो चुकी थी। उसने पिता से कहा था कि अब वह दिल्ली में रहकर ही तैयारी करना चाहता है।
पुलिस ने कहा- जांच जारी है
सदर थाना प्रभारी ने बताया कि मौके से दिनेश के लेटर के अलावा उसके मोबाइल को भी कब्जे में लिया गया है। अब प्रेमिका व युवक से भी पूछताछ की जाएगी। जांच के बाद ही इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

