रांची: पिठौरिया थाना क्षेत्र के पिठौरिया बाजार के नजदीक सोमवार को दिनदहाड़े एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी के एजेंट गिरधारी साहू की हत्या कर दी गई है। दो व्यक्ति इस माइक्रो फाइनेंस एजेंट से पैसा लेने आए थे। जब एजेंट ने पैसा देने से मना कर दिया तो उस पर जानलेवा हमला कर दिया। दोनों ने पीट-पीटकर गिरधारी साहू को अधमरा कर दिया था। इस दौरान गिरधारी साहू बचाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन कोई उनकी मदद के लिए नहीं आया। गिरधारी साहू के मरणासन्न हालत में पहुंचने के बाद हमलावर वहां से फरार हो गए।
इसके बाद लोगों ने घटना की सूचना पिठौरिया थाना पुलिस को दी। सूचना पाकर पिठौरिया थाना पुलिस घटना स्थल पहुंची। गंभीर रूप से घायल अवस्था में एजेंट गिरधारी साहू को रांची के रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसने दम तोड़ दिया। पिठौरिया थाना पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। बताते हैं कि जिस बैंकिंग माइक्रोफाइनेंस कंपनी में एजेंट गिरधारी साहू काम करते थे, वह खातेधारियों की रकम फिक्स डिपाजिट और बचत खाता के जरिए जमा करती थी। लोग गिरधारी साहू के पास पैसा जमा करते थे।
इसी बीच कंपनी बंद हो गई। लोग पैसे के लिए भाग दौड़ कर रहे थे। सोमवार को दो लोग गिरधारी साहू के पास आए और अपने पैसे की मांग की। पैसा नहीं मिलने पर मारपीट पर उतारू हो गए। बता दें कि कंपनी के लोगों ने कंपनी बंद होने के बाद भी खातेधारकों से लाखों रुपये वसूल लिए थे। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी ने प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन नहीं दिया है। आवेदन आने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है। आरोपियों की तलाश में पिठौरिया के कई संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की गई है। गौरतलब है कि इन दिनों रांची की कानून व्यवस्था पटरी से उतरी हुई है। कुछ दिन पहले ही नगड़ी में बदमाशों ने दो युवकों की हत्या कर लाश फेंक दी थी।

