फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ राजद्रोह का मुकदमा दाखिल किया गया है। भूली थाना क्षेत्र के पांडरपाला निवासी इजहार अहमद उर्फ बिहारी ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में मुकदमा दाखिल कर स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज करवाने का निर्देश देने की प्रार्थना की। शिकायतकर्ता इजहार ने कंगना रनौत के विरुद्ध राजद्रोह व देश को नीचा दिखाने का आरोप लगाया है।
शिकायतवाद में वादी ने बताया कि कंगना ने अपने बयान में कहा था कि 1947 में भारत को आजादी भीख में मिली थी। असली आजादी साल 2014 में मिली थी, जब मोदी की सरकार बनी। इजहार ने आरोप लगाया है कि ऐसा विवादित बयान देकर कंगना ने भारत को बदनाम किया है।
कंगना का बयान शहीदों का अपमान है। इजहार ने आरोप लगाया कि धनबाद थाने में कंगना के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की प्रार्थना की थी, परंतु प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। एसएसपी धनबाद से भी शिकायत की परंतु एफआईआर नहीं हुई। अदालत में गुरुवार को इस मामले पर सुनवाई होगी।

