झारखंड के गुमला में हाथियों के झुंड ने उत्पात मचाया हुआ है। बसिया प्रखंड क्षेत्र में 28 हाथियों का समूह प्रवेश कर गया है। गुरुवार की दोपहर तक यह पकरा स्टेशन के पास पहुंच गए। हाथियों के झुंड के जंगल से निकल कर आबादी इलाके में प्रवेश कर जाने के कारण ग्रामीण डरे-सहमे हुए हैं। लोगों के बचाव के लिए वन विभाग ने ग्रामीणों का प्रशिक्षण अभियान प्रारंभ कर दिया है। गांव-गांव घूमकर हाथियों से बचने के लिए कहा जा रहा है।
सुकुरडा जंगल से निकल गांवों में घुसे इन हाथियों के झुंड ने खेतों में लगे धान की फसल को बर्बाद कर दिया। खलिहान में रखे अनाज को खा गए। इसके अलावा कई घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। बार-बार जंगल से आने वाले हाथियों ने पिछले 8 महीनों में करीब 70 से ज्यादा मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। इनमें से कई ग्रामीणों ने क्षतिपूर्ति के लिए वन विभाग को जानकारी दी है। कुछ ने जानकारी उपलब्ध नहीं कराई है। वन विभाग के आंकड़ों में वित्तीय वर्ष 2021-22 के सितंबर तक मात्र 14 मकान को ही हाथियों द्वारा क्षतिग्रस्त करने का जिक्र है। जिसके लिए 1,59,000 रुपये मुआवजा राशि का भुगतान किया गया है। सितंबर तक अनाज क्षति के 12 मामले वन विभाग के पास आए हैं। इनमें 18,370 क्विंटल अनाज क्षति हुई है। इसमें 4,06392 रुपये मुआवजा राशि भुगतान के लिए तय की गई है।
वन विभाग की टीम एवं स्थानीय प्रशिक्षित हाथी भगाव दस्ता सहित ग्रामीणों के द्वारा आरया एवं सुकुरडा इलाके मसाल और पटाखे जला कर हाथियों को भगाने की कोशिश की जा रही है। एक साथ इतनी संख्या में हाथियों के आने से आसपास के कई गांवों के लोग पूरी तरह दहशत में हैं। रात भर जगे रहने को मजबूर हैं। 24 घंटे पहले तक हाथियों के झुंड की कोनसकेली के नावाटोली स्थित जंगल में होने की जानकारी के बाद वन कर्मियों की ओर से अभियान शुरू किया गया।
वन विभाग की टीम ध्वनि यंत्र के माध्यम से गांवों में घूम-घूम कर लोगों को सावधान और सतर्क रहने की सलाह दे रहा है। वन विभाग के राकेश मिश्रा,भीखराम उरांव,लिबनुस कुल्लू,करमु उरांव,अनिल गोप,सिपरियन उरांव,सहित स्थानीय प्रशिक्षित युवा रात भर हाथियों को भगाने एवं क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा में जुटे रहे। इस संबंध में वनकर्मी राकेश मिश्रा ने बताया कि पिछले दिनों बंगाल से आए हाथी भगाव दस्ते द्वारा स्थानीय युवाओं को हाथी भागने हेतु विशेष प्रशिक्षण दिया गया हैं। जिसके बाद स्थानीय प्रशिक्षित युवा भी वनर्मियों के साथ हाथी भगाने में जुटे हैं।
वन विभाग का दावा
गांव में पहुंचे हाथियों को जंगल की ओर भगाने के लिए वन विभाग की टीम काम कर रही है। ग्रामीणों को हाथी भगाने के लिए ट्रेनिंग दी जा रही है। क्षतिपूर्ति के लिए विभाग कार्रवाई कर रहा है।
– श्रीकांत,वन प्रमंडल पदाधिकारी गुमला

