झारखंड के गिरिडीह में बुधवार की दोपहर हुए सड़क हादसे में 2 युवकों की मौत हो गई। घटना गिरिडीह डुमरी मुख्य मार्ग के नारायणपुर मोड़ के पास की है। सांप्रदायिक दंगे के आरोप में बंद 3 युवक जेल से छूटकर दो अलग-अलग बाइक से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान आगे चल रही बाइक को दूसरी तरफ से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। घटना में सुरेश साव व मंगर महतो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दोनों निमियाघाट रोशनासिंघा के रहने वाले थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पीरटांड़ थाने के अवर निरीक्षक गौरव महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बारे में जानकारी देते हुए मरने वाले युवकों के साथी रेवत महतो ने बताया कि वह तीनों एक साथ जेल में बंद थे। जेल से आज ही रिहा हुए थे। लिहाजा मोहनपुर जेल से निकलकर दो बाइक पर वह अपने घर जा रहे थे। दोनों युवक एक बाइक पर सवार थे। वहीं वह खुद उनके पीछे चल रहा था। इसी बीच नारायणपुर के पास डुमरी की तरफ से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। घटनास्थल पर परिवार के साथ आए लोगों में से कुछ इस हादसे की जांच की मांग कर रहे थे। इसके अलावा मरने वाले लोगों के परिवार के लिए मुआवजे की मांग की गई।

