सरायकेला: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले की कुचाई पुलिस ने बड़ासेगोई के बाड़ेगुटू से एक वृद्ध महिला का सिर कटा शव क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद किया है. शव की पहचान कुचाई थाना के सुराबेड़ा गांव निवासी सोमा सरदार की पत्नी पागे सरदार उर्फ गुरुवारी सरदार (70) के रूप में की गयी है. मृत महिला के पुत्र डोमन सरदार ने शव की शिनाख्त की. परिजनों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर डायन बिसाही के संदेह में हत्या करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है. इधर, हत्या का आरोपी फरार है.
जानकारी के अनुसार सुराबेड़ा से करीब 15 किमी दूर बाड़ेगुटू में मृत महिला का सिर कटा शव मिला है. कुछ दूरी पर मृतका का सिर एक पेड़ पर मिला था. मृतका के परिजनों ने पुलिस प्रशासन से इस हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है. कुचाई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सरायकेला में पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंपा दिया.

