नावागढ़: मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपराटांड़ बस्ती से शुक्रवार की सुबह 8 बजे एक 5 वर्ष के बच्चे को एक स्कूटी सवार लेकर भागने लगा। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। स्कूटी सवार व्यक्ति को बच्चे के साथ फुलारीटांड रेलवे फाटक के समीप पकड़ लिया गया। पुलिस ने उसे थाना लाकर पूछताछ की। बालक के स्वजन भी थाना पहुंच गए। अ
मित महतो का पांच वर्षीय पुत्र आनंद अपने घर के आगे खेल रहा था। इसी बीच तेलमच्चो निवासी चंदू साव अपनी स्कूटी से वहां पहुंचा। वह आनंद को स्कूटी पर बैठाकर नावागढ़ की ओर चल पड़ा। बच्चे को ले जाते देख बच्चे की मां मंगला देवी व दादी ने शोर मचाना शुरू कर दिया। पकड़े गए चंदू ने बताया कि वह प्याली बेचने का काम करता है। पिपराटांड उसका रोज का आना-जाना होता है। आने जाने के क्रम में आनंद से लगाव हो गया और उसे घुमाने के खयाल से ले जा रहा था। बच्चे के स्वजन व व ग्रामीणों की सहमति के बाद पुलिस ने बच्चे को स्वजन के हवाले कर दिया और नंदू साव को भी मुक्त कर दिया।

