जमशेदपुर: राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के युवा प्रदेश अध्यक्ष गणेश सिंह पर बम से हमला हुआ है। उन्होंने बताया कि वे मरीन ड्राइव से अपने होटल जा रहे थे। इसी क्रम में जमशेदपुर के सर्किट हाउस (सीएच) एरिया स्थित भूतनाथ मंदिर के पास अज्ञात अपराधियों ने उनकी गाड़ी पर बम से हमला कर दिया।
गणेश सिंह ने बताया कि जैसे ही उनकी गाड़ी भूतनाथ मंदिर के पास मोड़ पर पहुंची, वहां पहले से घात लगाए 6 हमलावरों ने बम से हमला कर दिया। दो बम पास की दीवार पर लग कर फट गए, जबकि एक बम उनकी कार पर लगा, लेकिन फटा नहीं। इससे वे बाल-बाल बच गए।
गणेश सिंह ने इस हमले के पीछे अमरनाथ सिंह का हाथ बताया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि अमरनाथ सिंह ने पिछले 3 साल में उन पर 4 बार हमला करवा चुके हैं। 6 महीने पहले भी 15 लड़कों के साथ वे उन पर हमला करने आए थे, लेकिन सतर्क रहने के कारण वे हर बार बच जाते हैं।
गैंगवार की आशंका
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच कर रही है। पुलिस फिलहाल इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रही है। गणेश सिंह पर पूर्व में भी हमला हो चुका है। पुलिस इसे गैंगवार से भी जोड़ के देख रही है।

