जामतड़ा के बुधुडीह गांव से एक डेढ़ वर्षीय बच्चे की चोरी हुई है। अज्ञात चोरों ने बच्चे को रविवार सुबह उसके घर के आगे से उठा ले गए हैं। परिजनों ने छानबीन कर इसकी शिकायत थाने में की। 24 घंटा बीत जाने के बाद भी बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
जब बच्चे के बारे में कोई सूचना नहीं मिली तो सोमवार की सुबह परिजनों और आक्रोशित स्थानीय लोगों ने जामताड़ा-नारायणपुर मुख्य सड़क को बुधुडीह गांव के पास जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार खड़ी हो गई है। वही मौके पर पुलिस पहुंच चुकी है और जाम हटाने के लिए परिजनों और लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है, लेकिन ग्रामीण अपनी जिद पर अड़े हुए हैं।
मां अंदर चावल डालने गई, बाहर बच्चा गायब
बच्चे की मां ने बताया कि वह बच्चे को लेकर बाहर बैठी हुई थी। इसी बीच वह चावल डालने के लिए बच्चे को वहीं गली में छोड़कर अंदर गई थी। वापस बाहर आई तो बच्चा अपनी जगह नहीं था। वह परेशान होकर इधर-उधर ढूंढ़ने लगी। कहीं नहीं मिला तो उन्होंने इसकी शिकायत थाने में की।
देर शाम तक जारी थी पुलिस की तलाश
हालांकि रविवार की देर शाम तक पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र का मुआयना किया। देर शाम तक बच्चे को ढूंढ़ने की कोशिश जारी थी, लेकिन जब बच्चे के बारे में कोई सूचना नहीं मिल सकी थी। थाना प्रभारी ने बताया कि कोशिश जारी है जल्द हम बच्चे खो ढूंढ़ लेंगे।

