रांची: राज्य में कोरोना का कहर जारी है. इस बीच राज्य के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स में बुधवार को कोरोना विस्फोट हुआ है. रिम्स के 179 लोग कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं. रिम्स अस्पताल में बुधवार को कुल 1493 लोगों की कोरोना जांच की गयी, जिसमें कुल 245 कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं. रिम्स के 370 लोगों ने कोरोना टेस्ट कराया जिसमें 179 लोग पॉजिटिव पाये गये हैं. इनमें दर्जनों डॉक्टर तथा नर्स कोविड पॉजिटिव पाये जाने की सूचना है.
रिम्स में एक कोविड मरीज की हो चुकी है मौत
रिम्स में बुधवार को लालगुटवा निवासी की कोविड से मौत हो गयी है. मृतक का नाम अशोक मिंज है. अशोक मिंज अपना इलाज कराने के लिए मंगलवार को रिम्स में भर्ती हुआ था लेकिन देर रात उसकी मौत हो गयी. अशोक मिंज की मौत के बाद रिम्स परिसर में हड़कंप मच गया था.

