रांची: मोरहाबादी में आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में इस बार फिर से बुजुर्गों और बच्चों को एंट्री नहीं मिलेगी। कोरोना के बढ़ते मामले के मद्देनजर राज्य की तरफ से यह निर्णय लिया गया है। रांची के DC छवि रंजन ने कोविड संक्रमण को देखते हुए गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां पूरी करने का निर्देश मंगलवार को दिया है।
परेड और झांकियों के प्रदर्शन को लेकर उन्होंने गाइडलाइन्स पालन करते हुए तैयारियां करने का निर्देश दिया है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से इसका पालन करने का निर्देश दिया है।
पिछली बार NCC की टुकड़ियों को भी कर दिया गया था बाहर
कोरोना के कारण पिछले साल भी मोरहाबादी में आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस परेड में स्कूल-कॉलेज के स्टूडेंट्स भी शामिल नहीं हो सके थे। इतना ही नहीं NCCब्वॉयज, NCC गर्ल्स, स्काउट गाइड की टुकड़ी को भी परेड से बाहर ककर दिया गया था।
न प्रभात फेरी निकली थी न सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए थे
पिछले साल प्रभात फेरी और सांस्कृतिक आयोजनों पर भी रोक लगा दी गई थी। सिर्फ परेड और झांकियों के प्रदर्शन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कोरोना संक्रमण के कारण झाकियों में चलने वाले लोगों की संख्या को भी सीमित कर दिया गया था। इस बार अभी इस संबंध में निर्णय नहीं लिया गया है।
DC ने सड़कों के मरम्मत का दिया आदेश
पेयजल व स्वच्छता विभाग को पेयजल आपूर्ति, वीआईपी टॉयलेट की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। पथ निर्माण प्रमंडल को मोरहाबादी की ओर जानेवाली सड़कों की मरम्मत व साफ सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। भवन प्रमंडल-1 को आगन्तुकों के लिए गैलरी निर्माण, आयोजन स्थल पर बैरिकेडिंग, स्टेज और साउंड बॉक्स के लिए टॉवर निर्माण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

