रांची: सोनाहातू थाना क्षेत्र के पापरीदा गांव में मंगलवार की रात जंगली हाथियों के झुंड ने 41 बषीॅय चहवर महतो को कुचल कर मार डाला। घटना रात 12 बजे की बतायी जा रही है। जानकारी के अनुसार पांच जंगली हाथी गांव में खलिहान पर धान खा रहे थे। इसकी जानकारी ग्रामीणों को हुई, तो कुछ ग्रामीण एकत्रित होकर हाथियों को भगाने लगे। इसी दौरान एक जंगली हाथी पीछे की ओर से चहवर महतो को दौड़ाते हुए कुछ दूर तक ले गया और कुचल कर मार डाला।
स्वजनों को तत्काल नगद 50 हजार रुपए दिए
ग्रामीणों ने घटना की सूचना रात में ही वन विभाग को दे दी। घटना की सूचना पाकर बुधवार की अहले सुबह वन विभाग के अधिकारी व सोनाहातू थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। वहीं, वन के अधिकारी दिलीप मुंडा एवं अजय होरो के द्वारा मृतक के स्वजनों को तत्काल नगद 50 हजार रुपए दिए। शेष राशि कागजी प्रक्रिया पूरी होने के पश्चात देने की बातें कही।

