जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना अंतर्गत सोमाय झोपड़ी जोगी मैदान के पास स्थित राधाकृष्ण मंदिर से 31 जनवरी की देर रात्रि चोरों ने श्री कृष्ण भगवान की मूर्ति से मुकुट की चोरी कर ली। वहीं दूसरे दिन घटना की जानकारी पाकर मंदिर के लोगों इसकी सूचना थाने को दी। जिसके बाद पुलिस ने पुजारी प्रदीप कुमार मिश्रा के बयान पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में राधाकृष्ण मंदिर से मुकुट चोरी होने की बात पूजारी समेत मंदिर की देखभाल करने वाले तो कर रहे हैं। मगर पुलिस का कहना है कि घटना में ना तो मंदिर का ताला टूटा है और ना ही मंदिर के अंदर के सामानों को ही क्षतिग्रस्त किया गया है। बावजूद इसके मंदिर के अंदर से मुकुट की चोरी कैसे हो सकती है। वहीं चोरी की घटना की सूचना देने के बाद पूजारी ने पुलिस से कहा कि मामला दर्ज नहीं करना है। मगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जिसमें पुलिस ने मंदिर के पूजारी और केयर टेकर से भी पूछताछ की है। पुलिस का कहना है कि केयर टेकर और पुजारी के पास मंदिर की चाभी रहती है। ऐसे में आशंका दोनों पर ही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

