पश्चिमी विक्षोभ का असर इन दिनों झारखंड में दिख रहा है. शुक्रवार को राज्य के कई स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिशहुई. वहीं, कहीं-कहीं बर्फवारी भी हुई है. बेमौसम बारिश से किसानों को काफी नुकसान हो रहा है. वहीं, मौसम विभाग ने आगामी 10 फरवरी को भी बारिश की संभावना जतायी है.
शुक्रवार को कई जगहों पर हल्के से मध्यम दर्जे की हुई बारिश
केंद्रीय मौसम संस्थान, रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि उत्तरी पाकिस्तान में विक्षोभ और उत्तर भारत में हो रही बारिश और बर्फवारी का असर झारखंड के कई जिलों में शुक्रवार को देखने को मिला. वहीं, बारिश के बाद दिन भर आकाश में बादल छाये रहे.
10 फरवरी को बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने आगामी 10 फरवरी 2022 को बारिश की संभावना जतायी है. इस दौरान राज्य में कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है. हालांकि, 5 फरवरी से 9 फरवरी, 2022 तक मौसम मुख्यत: साफ रहेगा. सुबह में कोहरा या धुंध रहेंगे, लेकिन बाद में आसमान साफ रहेगा.

