कोडरमा: तिलैया थाना क्षेत्र के झंडा चौक के समीप स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा झुमरीतिलैया शाखा के समीप से मंगलवार की सुबह करीब 11:30 बजे स्कूटी की डिक्की से चार लाख रुपया चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद तिलैया थाना क्षेत्र के मडुआटांड़ निवासी रामचंद्र मोदी ने तिलैया थाना पहुंचकर घटना की पूरी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस की टीम बैंक के समीप घटना की जांच पड़ताल के लिए पहुंची है।
कारोबारी से चार लाख की लूट
कारोबारी रामचंद्र मोदी ने बताया कि मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे वह बैंक ऑफ बड़ौदा चार लाख रुपये कैश जमा करने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान कैशियर ने उन्हें कहा कि जिनके अकाउंट में रुपए जमा करना है। उनके पैन कार्ड की डिटेल देनी होगी। पैन कार्ड की डिटेल नहीं होने पर वह रुपये लेकर बैंक से निकल गए। इसके बाद 4 लाख रुपये कैश को स्कूटी की डिक्की में रखकर दोबारा बैंक के कैशियर के पास पहुंचे और पूछा कि यदि पैन की डिटेल उपलब्ध नहीं है, तो क्या दो-दो लाख रुपए करके रुपए जमा हो सकता है। इसके बाद जब वह बैंक से बाहर निकल कर अपनी स्कूटी के पास पहुंचे तो उन्होंने स्कूटी की डिक्की का लॉक टूटा हुआ पाया। वही स्कूटी की डिक्की में रखे 4 लाख रुपये कैश भी गायब पाए गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

