रामगढ़ जिले के मांडू में गुरुवार की सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मांडू थाना अंतर्गत हेसागढ़ा ओवरब्रिज नेशनल हाइवे पर सुबह करीब सात बजे आलू लदे एक ट्रक ने स्कूल जा रहे 12 वर्षीय छात्र को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना के बाद वाहन मौके पर ही पलट गया। ट्रक के पलटने से छात्र आलू की बोरियों के बीच दब गया। घटना स्थल पर ही मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मांडू थाना पुलिस व ग्रामीण घटनास्थल पहुंचे। करीब एक घंटे के बाद क्रेन के माध्यम से आलू के बोरियों व ट्रक के बीच दबे मृतक छात्र को बाहर निकाला गया।
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने रांची-पटना नेशनल हाइवे मार्ग को जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों तरफ पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस कारण सड़क पर आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गय।दुर्घटना में मरने वाले बच्चे की पहचान हेसागढ़ा गांव निवासी छात्र मनीष कुमार पिता मटूक मेहता के रूप में की गई है। वह सातवीं कक्षा का छात्र था। बताया गया कि मृतक छात्र मनीष अपने बड़े संदीप कुमार के साथ सुबह को स्कूल जा रहा था।

