झारखंड के गोड्डा जिले में शनिवार को दर्दनाक हादसा हुआ। इसमें 2 वृद्ध लोगों की मौत हो गई। घटना पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र में हुई। मरने वालों की पहचान 72 वर्षीय कैलाश साह तथा 70 वर्षीय महेंद्र साह के रूप में की गई है। दोनों पोड़ैयाहाट बाजार के रहने वाले थे। दोनों एक साथ निजी काम से रेलवे की पटरी पकड़ कर जा रहे थे। इसी दौरान हंसडीहा-गोड्डा पैसेंजर ने इन्हीं अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में इनके शरीर के दो हिस्से हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद रेलवे पुलिस व रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद रेलवे लाइन के पास से गुजरने वाले कुछ लोगों की नजर इन शवों पर पड़ी। इसके बाद इसकी जानकारी रेलवे के अधिकारियों व स्थानीय पुलिस प्रशासन को दी गई। घटना की जानकारी होने पर आसपास रहने वाले लोगों की भी भीड़ भी मौके पर जुट गई। इसके बाद इन शवों की पहचान की गई। बताया जा रहा है कि मरने वाले दोनों लोग हमउम्र थे। इन दोनों के बीच पक्की दोस्ती थी। अक्सर दोनों साथ यात्राएं करते थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों के परिजन मौके पर पहुंचे। इनका रो-रो कर बुरा हाल था। घटना के कारण इलाके में मातम पसर गया था।

