झारखंड के दो अलग-अलग जिलों में पिछले 20 घंटे में दो अलग-अलग सड़क हादसे हुए हैं। इसमें 2 लोगों की मौत हो गई है। पहली घटना हजारीबाग जिले में शुक्रवार की सुबह नौ बजे हुई। इसमें रसोइया धमना मोड़ के पास कंटेनर के चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना गुरुवार देरशाम सरायकेला-खरसावां जिले में हुई। इसमें एक बाइक की टक्कर में महिला की मौत हो गई। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
पहली घटना : हादसे के बाद लगा जाम
रसोइया धमना मोड़ के पास हुई घटना के बाद सड़क पर जाम लग गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे का शिकार हुआ व्यक्ति सड़क पार कर रहा था। इसी बीच एक कंटेनर ने उसे अपने चपेट में ले लिया। मृतक के सिर का हिस्सा कंटेनर के चक्के के नीचे आ गया। अब तक मरने वाले युवक की पहचान नहीं हुई है। सूचना के बाद बरही थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बारे में मौके पर मौजूद रहे कुछ लोगों से पूछताछ की गई।
दूसरी घटना : इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम
गुरुवार शाम सरायकेला- खरसवां जिला के कांड्रा थाना अंतर्गत मेन रोड पर भारत पेट्रोल पंप के समीप घर जा रही महिला को मोटरसाइकिल सवार ने ठोकर मार दी। इससे कांड्रा निवासी दीपिका सिंह (45 ) गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए भेजा। पुलिस को मामले की सूचला दी। जमशेदपुर के TMH में इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ लिया। पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया है।

