पश्चिम बंगाल में जामुड़िया थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में भीषण हादसा हुआ है। मंगलवार की रात गौतम मंडल नाम के व्यक्ति के घर में रसोई गैस का सिलेंडर फटने से छत उड़ गई। इस हादसे में 10 वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई है। परिवार के 5 लोग गंभीर रूप से घायल हैं । उन्हें बेहतर इलाज के लिए आसनसोल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि घटना में बच्चे को गंभीर चोट आई थी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बच्चे का नाम रूपम मंडल बताया जा रहा है। दुर्घटना के घायलों को पहले बहादुरपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए आसनसोल जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में गौतम मंडल (30), मालती मंडल (38), चिंता मंडल (30), साधना मंडल (20) और नंदरानी मंडल (65) शामिल है। घटना को लेकर इलाके में मातम का माहौल है। इलाके में पुलिस को तैनात किया गया है। इस हादसे में घर का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस व स्थानीय लोग मौके पर पहुंची। राहत व बचाव कार्य चलाया गया। घर के अंदर फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद निकाला गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहयोग देने की मांग की है।

