दुमका में दर्दनाक हादसा हुआ है। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के सरसडंगाल के झामरूपानी इलाके के क्रशर प्लांट में सो रहे 2 मजदूरों पर हाईवा पलट गया। घटना में दोनों मजदूरों की मौत हो गई है। दुर्घटना गुरुवार की सुबह हुई। मरने वाले मजदूरों की पहचान 35 वर्षीय मोतकवीर शेख तथा 35 वर्षीय हबीबुल शेख के रूप में की गई है। दोनों पाकुड़ जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इस क्रशर प्लांट का संचालन हरि शंकर प्रसाद भगत करते हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों मजदूर बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान डस्ट लेकर गुजर रहे हाईवा चालक ने वाहन पर अपना नियंत्रण खो दिया। वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे दोनों मजदूर इसकी चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही शिकारीपाड़ा की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। दोनों शव को अपने कब्जे में ले कर थाना ले आई।
इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया गया। मजदूरों के परिवार के लोगों को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। वाहन के चालक व काम करने वाले कुछ लोगों से पूछताछ की गई है।

