झारखंड के दुमका के मसलिया थाना क्षेत्र के नयाडीह पंचायत के गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। अवैध संबंध के आरोप में ग्रामीणों ने चार बच्चे की मां को उसके प्रेमी के साथ गांव में निर्वस्त्र घुमाया। दोनों को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पूरी रात पीटा गया। इसी बीच पुलिस को मामले की सूचना मिल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को छुड़ा लिया। घायल अवस्था में दोनों को फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचाया। घटना रविवार देर रात की है। पुलिस ने मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पीड़िता बोली-शौच गई थी, बांधकर लोगों ने पीटा
पीड़िता ने बताया है कि रात में वह शौच कर लौट रही थी। इसी दौरान गांव के 8-10 लोगों ने पकड़ कर पेड़ से बांध दिया। जहां ग्रामीणों ने पहले से सुनील नाम के व्यक्ति को महिला का कथित प्रेमी बताते हुए पेड़ से बांध रखा था। इसके बाद दोनों को पीटा गया। घटना को अंजाम देने के बाद ग्रामीणों ने मामले को दबाने की कोशिश की। महिला और उसके प्रेमी पर पुलिस के सामने बयान नहीं देने का दबाव बनाया गया। बयान देने पर जान से मारने की धमकी दी गई, लेकिन मामला उजागर हो गया।
घटना में दो दर्जन लोग शामिल
बताया जा रहा है कि इस वारदात को अंजाम देने में गांव के 2 दर्जन लोग शामिल थे। भीड़ की हिंसा की शिकार हुई महिला आदिवासी समुदाय की बताई जा रही है। सजा पाने वाली महिला व पुरुष दोनों शादीशुदा हैं। दोनों के परिवार के बीच बेहतर रिश्ते हैं। इस लिए यह लोग एक दूसरे से मुलाकात होने पर अक्सर बातचीत करते थे। दावा किया जा रहा है कि यह बात कुछ लोगों को खटक रही थी। लिहाजा गांव के कुछ लोगों ने एक गुप्त पंचायत कर दोनों को तालिबानी सजा देने का फैसला किया। इस सजा के अमल की जिम्मेदारी गांव के ही कुछ लोगों को दी गई।
कुछ लोगों का दावा है कि रविवार को दोनों बात कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने इन्हें घेर लिया। फिर दोनों के कपड़े निकाल दिए। निर्वस्त्र करने के बाद इन्हें रस्सी में बांधकर पूरे गांव में घुमाया गया। इतने से भी जब इन लोगों का मन नहीं भरा तो पेड़ में दोनों को बांधकर पीटा गया। इसमें दोनों को गंभीर चोट आई है।

