रामगढ़ जिले में सड़क दुर्घटना से नाराज लोगों ने जमकर हंगामा किया गया। आक्रोशित लोगों ने एक ट्रैक्टर में आग लगा दी। पुलिस के वाहन पर पथराव किया। सड़क पर घंटों तक जाम लगा रहा। घटना से नाराज लोगों ने जमकर नारेबाजी की। अवैध बालू ले जाने वाले वाहनों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। मामला मंगलवार की रात का है।
रामगढ थाना क्षेत्र के सिरका बोक्सनल ट्रैनिंग सेंटर के पास हादसा हुआ। ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक मोटरसाइकिल चालक घायल हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक ने वाहन लेकर मौके के भागने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों ने जब वाहन का पीछा किया तो चालक वाहन को छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल युवक को अस्पताल भेजा गया।
दुर्घटना की सूचना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित लोगों ने पहले ट्रैक्टर की हवा निकाल दी। नारेबाजी शुरू हो गई। घटना के काफी समय बाद तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इससे लोगों का गुस्सा भड़क गया। उन्होंने वाहन में आग लगा दी।
जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद कुछ स्थानीय लोग पुलिस से उलझ गए। रामगढ़ थाना के SI अभय कृष्णा गिरी, चालक छोटे लाल,कांस्टेबल शिवशंकर प्रसाद , कांस्टेबल मृत्युंजय कुमार यादव के साथ कुछ लोगों ने बहस की। अमर्यादित व्यवहार किया गया। इसके बाद पुलिस के वाहन पर पथराव शुरू हो गया। इसमें पुलिस वैन के पीछे का शीशा टूट गया।
पुलिसकर्मियों ने किसी तरह भीड़ से अपने को बचाया। बवाल बढ़ने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में दूसरे थानों से पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई । पुलिस जवानों को देखकर हंगामा करने वाले लोग मौके से फरार हो गई। इस मामले में करीब 5 लोगों को हिरासत में लिया गया है। इसके बाद दूसरे उपद्रवियों की तलाश में छापेमारी अभियान शुरू किया गया है।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर सिरका से अनगड़ा जा रहा था। दुर्घटना में घायल होने वाले युवक की पहचान सिरका निवासी भैरव महतो के रूप में की गई है। वह अपनी बाइक से रगड़ा से सिरका जा रहा था.। इसी बीच दुर्घटना हुई। देखते ही देखते बवाल बढ़ गया।

