बिहार के गया की रहने वाली महिला ने पारिवारिक विवाद में ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना शुक्रवार की सुबह करीब 10:00 बजे कोडरमा रेलवे स्टेशन की है। महिला की पहचान ग्राम पार परैया निवासी अनीता देवी रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार घर वालों से विवाद के बाद महिला अपने दो बच्चों साथ जन शताब्दी एक्सप्रेस से गया से रांची बहनोई के पास जा रही थी।
इस दौरान वह अचानक कोडरमा स्टेशन पर उतर गई। स्टेशन पर थोड़ी देर बैठने के बाद वह अपने बच्चों आयुष राज 11 वर्ष व शिवम राज 9 वर्ष को प्लेटफार्म पर छोड़कर हावड़ा-बीकानेर एक्सप्रेस ट्रेन के आगे कूद गई। इस घटना में महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। बच्चों ने बताया कि उनके पिता रंजन शर्मा का मां से हमेशा विवाद होते रहता था । वह अक्सर मारपीट किया करते थे। घटना के बाद पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गया स्टेशन पर भी की कोशिश
बेटे ने बताया कि मां ने गया स्टेशन पर भी आत्महत्या करने का प्रयास किया गया था लेकिन उसे बचा लिया गया। इसके बाद वह रांची के लिए निकली। कोडरमा स्टेशन पर वापस घर जाने की बात कह कर उतरी। बेटे ने बताया कि पिता से विवाद के बाद वह कई बार घर से निकली थी।

