झारखंड के धनबाद के मोदीडीह कोलियरी में सोमवार को हादसा हुआ। तेतुलमुड़ी 22/12 बस्ती में घनी आबादी के बीच भूली क्वार्टर जाने वाली मुख्य मार्ग के किनारे चंदन कुमार सिंह के आवासीय परिसर में तड़के जोरदार धमाके के साथ जमीन धंस गई। इसमें बड़ा गड्ढ़ा बन गया।
जिस जगह घटना हुई। वह घर का रसोई कक्ष था। हादसे के साथ कमरे में रखा फ्रीज, वाशिंग मशीन, गैस, बर्तन, अनाज सब अंदर समा गया। कमरे के किनारे स्थित करीब 10 फीट के आम और केले के पौधे भी जमींदोज हो गए।गड्ढ़ा इतना गहरा था कि किसी भी चीज का अता पता नही चल रहा है। घर के सभी सदस्य बाल बाल बच गए। घटना के समय सभी अन्य कमरे में सो रहे थे। घटना के बाद इलाके में अफरा तफरी मच गई।
आसपास के लोग सभी अपने अपने घरों से बाहर निकल गए। गड्ढे का दायरा करीब 15 फीट चौड़ा, 35 फीट लंबा और करीब 20 फीट गहरा है। जमीन धंसने का असर करीब 2 सौ मीटर के दायरे में हुआ है।
कई घरों की दीवार में दरारें पड़ गई। एक दर्जन से ज्यादा घर इससे प्रभावित हुए हैं। सड़क जगह-जगह फट गई हैं। रह-रह कर इस इलाके में इस तरह की घटनाएं होती रहीं हैं। सोमवार को घटना की सूचना मिलने के बाद जोगता पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद इलाके की बिजली कटवा दी गई। अधिकारियों से बात कर गड्ढे की भराई की बात कही गई। इस घटना के बाद रैयत व गैर रैयतों में खासा आक्रोश देखा गया।

