रांची: महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस केंद्र सरकार पर हमलावर है. पेट्रोल व डीजल समेत अन्य सामग्री की कीमतों में बढ़ोत्तरी के खिलाफ कांग्रेस की ओर से महंगाई मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में आज झारखंड कांग्रेस ने रांची के राजभवन के समक्ष एक दिवसीय धरना दिया. इस दौरान महंगाई के बहाने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को घेरा. झारखंड कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे, प्रदेश प्रभारी राजेश ठाकुर समेत अन्य कांग्रेस नेताओं ने महंगाई के लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया.
महंगाई से जनता परेशान
महंगाई मुक्त भारत अभियान के तहत झारखंड कांग्रेस की ओर से राजभवन के समक्ष धरना प्रदर्शन किया गया. इस मौके पर कीमतों में बेतहाशा वृद्धि के लिए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया. कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार को जनता से कोई सरोकार नहीं है. महंगाई से जनता परेशान है, लेकिन केंद्र सरकार बेपरवाह है. इस मौके पर कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, मंत्री रामेश्वर उरांव समेत अन्य मौजूद थे.
महंगाई मुक्त भारत अभियान
लोहरदगा जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वधान में मंहगाई मुक्त भारत अभियान के तहत शनिवार को समाहरणालय के समक्ष एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष सुखैर भगत ने की. कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी सहित प्रखंड एवं पंचायतों के कांग्रेसी कार्यकर्ता शामिल हुए. मौके पर सुखैर भगत ने कहा कि आज पूरे देश में महंगाई चरम पर है. महंगाई की मार आम जनता सहित सभी तबकों पर पड़ रहा है. मोदी सरकार ने भारत के नागरिकों के साथ धोखा किया है. डीजल पेट्रोल एवं रसोई गैस के दाम में अप्रत्यासित वृद्धि हुई है. कीमत में बढ़ोतरी से लोग परेशान हैं.

