जमशेदपुर : चाईबासा पुलिस बल और नक्सलियों के बीच मंगलवार को मुठभेड़ हो गई। उस वक्त पुलिस बल गुप्त सूचना के आधार पर माओवादी संगठन एरिया कमांडर सागेन अंगेरिया दस्ते के सक्रिय सदस्य डांगुर सुंडी को गिरफ्तार करने गई थी। वहीं एसपी अजय लिंडा को गुप्त सूचना मिली थी कि डांगुर अपने साथियों के साथ माओवादियों का संगठन तैयार करने के लिए बैठक कर रहा है। जिसके बाद पुलिस टोंटो थाना अंतर्गत तुंबाहाका जंगल पहुंची। जहां माओवादियों के साथ पुलिस बल की मुठभेड़ हो गई। इसी बीच डांगुर को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस बल द्वारा गिरफ्तार डांगुर टोंटो रेंगड़ा गांव का रहने वाला है। जबकि मुठभेड़ के दौरान पुलिस बल सिर्फ डांगुर को ही गिरफ्तार कर पाई। वहीं अन्य नक्सली सदस्य जंगल का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे। छापेमारी टीम में टोंटो थानेदार सागेन मुर्मू, कोबरा 209 बटालियन, सशस्त्र बल और जिला पुलिस के सशस्त्र बल शामिल थे।

