पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत चाईबासा- कोकचो मुख्य मार्ग पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरकुंडिया पुल के पास पिस्तौल की नोंक पर अपराधियों ने दिनदहाड़े एक फाइनेंस कर्मी से रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हुआ. अपराधियों ने करीब 22 हजार रुपये की लूट की है. इस मामले में दो अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मुफस्सिल थाना में मामला दर्ज हुआ है.
क्या है मामला
बताया गया कि फाइनेंस कर्मी रवि कुमार साव कोकचो की तरफ से कैश कलेक्शन करके चाईबासा लौट रहा था. तभी पीछे से बाइक पर सवार दो अपराधियों ने पुल के पास बाइक को ओवरटेक कर रोका. इसके बाद पिस्तौल दिखाकर बैग लूट लिया. बैग में 21,765 रुपये, कंपनी का फार्म, स्टांप पैड और पावर बैंक रखा हुआ था. पीड़ित रवि कुमार साव ने मुफस्सिल थाना में दो अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है.
बरकुंडिया पुल के पास हुई घटना
दर्ज मामले में पीड़ित रवि ने बताया कि वह साईजा फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में एबीएम के पद पर कार्यरत है. वह रोजाना की तरह मंगलवार की सुबह कलेक्शन के लिए कोकचो गया था. कलेक्शन करने बाद वह चाईबासा शाखा के लिए निकला था. दिन के करीब 2 बजे एक बाइक पर सवार दो व्यक्ति उसका पीछा किया. ओवरटेक करते हुए बरकुंडिया पुल के पास रोकने को कहा. बाइक रोकते ही एक व्यक्ति ने पिस्तौल दिखाकर रुपये रखे बैग को लूट लिया. लूटने के बाद वे दोनों चाईबासा की ओर भाग निकले.

