झारखंड के गिरिडीह में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बिरनी थाना क्षेत्र के जोरासाख में अरारी से बरमसिया जाने वाले मुख्य मार्ग पर बुधवार रात लगभग 2 बजे गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 14 चक्का ट्रक को पकड़ा। ट्रक से बड़े पैमाने पर अवैध शराब बरामद किया गया है। नशे का यह सामान हजारीबाग जिले के चकई से बिहार के जमुई में भेजा जा रहा था। SDPO नौशाद आलम ने बताया कि गुप्त सूचना के आलोक में दिनेश सिंह , बिरनी थाना प्रभारी अमरजीत सिंह, सब इंस्पेक्टर मुकेश दयाल सिंह, ASI बिपिन सिंह,चालक आरक्षी रणधीर कुमार सिंह, हवलदार सुखलाल मुर्मू, चूंडा मुर्मू समेत पुलिस बल को वाहन जांच में लगाया गया।
जमुआ, गिरीडीह व माखमारगों जाने वाले मोड़ पर पुलिस ने जांच के लिए वाहन को रोका। चालक ने बताया कि गाड़ी में लकड़ी का पटरा लदा है। पुलिस की तलाशी में बड़े पैमाने पर वाहन के अंदर से शराब बरामद हुई। इस कार्रवाई में उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के रहने वाले वाहन चालक रवि कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि ट्रक में कुल 510 पेटी शराब बरामद की गई। इस पर अरुणाचल प्रदेश लिखा हुआ है।
इसके अलावा शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली कुछ सामग्रियां भी बरामद हुई हैं। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नौशाद आलम ने बताया कि लगातार सूचना मिल रही थी कि झारखंड के रास्ते भारी मात्रा में अवैध शराब बिहार में भेजी जा रही है। पुलिस लगातार इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों का पता लगाने में जुटी हुई थी। इसी दौरान इसकी सूचना मिली। पुलिस इस मामले में संलिप्तत लोगों का पता लगा रही है।

