जमशेदपुर के कदमा थाना अंतर्गत शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर 1 के रहने वाले राहुल कुमार नामक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। युवक IDBI बैंक में कलेक्शन एजेंट के रूप में काम करता था। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बीती रात युवक अपने दोस्तों के साथ शराब पीकर घर लौट रहा था। इसी बीच कुछ युवकों से विवाद हो गया। इसके बाद युवक घर लौटा।
युवक अविवाहित था। बताया जा रहा है कि उसके साथ तीन युवकों ने शराब पी थी। इसके बाद हंगामा हुआा। एक युवक अब तक पुलिस की हिरासत में है, जबकि दूसरा गिरफ्त से बाहर है। शुक्रवार को युवक का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई।
इसके बाद टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना के बाद परिवार वालों का रो- रो कर बुरा हाल है। वहीं पड़ोसियों की माने तो युवक बेहद ही शालीन और मृदुभाषी था। किसी से भी उसका कोई विवाद नहीं था। परिवार युवक की आत्महत्या की जांच की मांग कर रहा है।

