रांची के पुंदाग में युवती ने फंदे से झूल कर आत्महत्या कर ली। घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है। युवती का नाम डिंपल कुमारी है। वह पुंदाग में रहती थी। जबकि मूल रूप से बोकारो के नावाडीह की रहने वाली थी। रांची में रह कर मोती पेट्रोल पंप में काम करती थी। साथ ही एक कॉलेज में पढ़ाई भी करती थी। जानकारी के अनुसार डिंपल पुंदाग में अपने चाचा और एक रिश्तेदार बहन के साथ रहती थी। गुरुवार की रात घर पर कोई नहीं था। इस दौरान डिंपल घर का दरवाजा बंद कर फंदे से झूल गई। वापस जब चाचा और बहन लौटे तो घर का दरवाजा बंद था। काफी आवाज लगाने पर भी दरवाजा नहीं खुला। खिड़की से झांक कर देखने पर वह फंदे से लटकती मिली। इसकी सूचना पुंदाग ओपी पुलिस को दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंची और एस्बेस्टस को हटाकर लोग कमरे में गए। इसके बाद घर के कमरे का दरवाजा अंदर से खोला गया। तभी पुलिस अंदर घुस पाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को शव सौंपा जाएगा।
आत्महत्या के कारणों का पता लगा रही पुलिस
पुलिस युवती के आत्महत्या के कारणों का पता लगा रही है। अबतक आत्महत्या के कारण सामने नहीं आये हैं। मौके पर कोई सुसाइडल नोट भी बरामद नहीं किया गया है। पुलिस आशंका जता रही है कि प्रेम प्रसंग की वजह से युवती ने आत्महत्या कर ली है। हालांकि सभी पहलुओं पर पुलिस छानबीन कर रही है।
