जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले की उपायुक्त विजया जाधव के निर्देश पर रामनवमी पर्व के मद्देनजर अवैध शराब विक्रेताओं के विरूद्ध सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। जिसमें सहायक आयुक्त उत्पाद के मार्गदर्शन में निरीक्षक उत्पाद सदर क्षेत्र के पर्यवेक्षण में बिरसा नगर थाना अंतर्गत लुपूंगडीह में स्थित एक अवैध महुआ शराब चुलाई भट्टी को ध्वस्त किया गया। इसी तरह उलीडीह थाना अंतर्गत उलीडीह बस्ती एवं संकोसाई रोड नंबर 05 में दो अवैध महुआ शराब गोदाम का उद्भेदन कर अवैध शराब जब्त किया गया। जबकि टेल्को थाना अंतर्गत खडंगाझार, परसुडीह थाना अंतर्गत कीताडीह, जुगसलाई थाना बलदेव बस्ती, कदमा थाना अंतर्गत जयप्रभा बस्ती, सोनारी थाना अंतर्गत झाबरी बस्ती समेत अन्य क्षेत्रों में अवैध शराब बिक्री स्थलों में छापेमारी कर अवैध शराब बरामद कर जब्त किया गया। वहीं छापेमारी के दौरान भट्टी संचालक मौके से फरार होने में सफल रहे। इस दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने मौके से 16 हजार किलो जावा महुआ और 850 लीटर महुआ शराब भी जब्त किया। साथ ही शराब कारोबारियों के विरुद्ध संबंधित थाने में मामला भी दर्ज कराया।

