जमशेदपुर: रामनवमी पर्व के मद्देनजर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है और हर हाल में इसे शांतिपूर्वक बनाने का प्रयास किया जा रहा है। जिसको लेकर शहर में जुलूस पर ड्रोन से निगरानी रखने का निर्णय भी लिया गया है। जिसके तहत शनिवार ड्रोन कैमरा को शहर के कई क्षेत्र में घुमाकर अधिकारियों ने जायजा भी लिया। साथ ही शहर के सभी थाना क्षेत्रों में प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में फ्लैग मार्च भी निकाला गया। इस दौरान शांति-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील आम लोगों से भी की गई। वहीं जिन थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च नहीं निकाला गया है। उन्हें भी निकालने के लिए कहा गया है। वहीं फ्लैग मार्च में स्थानीय थाना प्रभारी के साथ साथ अन्य पुलिस अधिकारी भी शामिल हुए। साथ ही रामनवमी पर लोगों से सहयोग करने की अपील की गई। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने विधि-व्यवस्था को भी देखा। साथ ही जहां पर पुलिस फोर्स की आवश्यकता होगी, वहां पर पूरी तरह से चौकसी बरतने के निर्देश भी दिए गए। फ्लैग मार्च में जेएनएसी के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार, जिला उप-निर्वाचन पदाधिकारी कान्हूराम नाग, एमएनसी के कार्यपालक पदाधिकारी दीपक सहाय, एलआरडीसी रविंद्र गागराई के अलावा अन्य पुलिस पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

