झारखंड के लोहरदगा जिले में फैली हिंसा अब तक पूरी तरह नहीं थमी है। असामाजिक तत्व लगातार माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। सोमवार की देर रात एक बार फिर उपद्रवियों ने हेसल गांव में झोपड़ीनुमा एक होटल में आग लगा दी। पुलिस प्रशासन की पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के बीच अराजक तत्व घटना को अंजाम देने में सफल रहे।
दरअसल, सदर थाना क्षेत्र के हिरही गांव में गत 10 अप्रैल 2022 की शाम रामनवमी शोभायात्रा में पथराव के बाद दो गुटों के बीच विवाद हो गया था। इसमें 18 वाहनों और तीन घरों को फूंके दिया गया था। बाजार में आग लगा दी गई थी। राजधानी एक्सप्रेस पर भी पत्थर फेंके गए थे। इसके बाद से इलाके में धारा 144 लगा दी गई थी।
जानकारी के अनुसार मुख्य घटना के 30 घंटे के बाद सोमवार की रात लोहरदगा-चंदवा मुख्य मार्ग पर सदर थाना क्षेत्र के हेसल गांव में आगजनी की गई। समुदाय विशेष के व्यक्ति के झोपड़ीनुमा होटल को जला दिया गया। लोगों ने बताया कि कुडू थाना क्षेत्र के चांपी की ओर से दो बाइक पर सवार होकर कुछ लोग आए और झोपड़ीनुमा होटल में आग लगाकर चले गए। शहर के अलग-अलग हिस्सों में हालात तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में हैं।

