धनबाद के सिंदरी क्षेत्र में अवैध कोयले का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से लगातार छापामारी के बाद भी अवैध कोयले का कारोबार जारी है। कोयला चोरों और तस्करों के खिलाफ पिछले दो महीनों से प्रशासन ने अभियान छेड़ रखा है। अवैध कोयला के साथ दर्जन से अधिक ट्रक पकड़े जा चुके हैं। फिर भी कोयला तस्करी और चोरी रुकने का नाम नहीं ले रही है।
सोमवार की देर रात धनबाद के एसडीओ प्रेम कुमार तिवारी के नेतृत्व में झरिया के सीओ प्रमेश कुशवाहा और सिंदरी थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद ने डोमगढ़ व गोशाला में छापेमारी की। डोमगढ़ से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने छापामारी के दौरान अवैध कोयला के साथ चार ट्रक और एक टेलर को पकड़ कर सिंदरी थाना को सुपुर्द कर दिया।
सीओ प्रमेश कुशवाहा ने कहा कि अवैध कोयला से लदे टेलर को हल्दिया से गिरीडीह जाना था। परंतु गिरीडीह न जाकर वह विपरीत दिशा में सिंदरी आया था। सीओ ने कहा कि जांच का आदेश दिया गया है। एसडीओ धनबाद की इसी टीम ने सोमवार की देर रात गोशाला ओपी अंतर्गत मुख्य सड़क पर भी छापेमारी की। यहां से अवैध कोयला से लदे चार ट्रक और बालू लदा एक हाइवा जब्त कर गोशाला ओपी पुलिस को सुपुर्द कर दिया। लगातार छापेमारी के बाद भी कोयला तस्करों में भय नाम की कोई चीज नहीं है। सिंदरी थाना और गोशाला ओपी इलाके में अवैध कोयले का धंधा जारी है।

