साहिबगंज में दर्दनाक हादसा हुआ है। शनिवार की सुबह ट्रेन से कटने के कारण राजमहल सांसद विजय हांसदा के चचेरे भाई अजय हांसदा की मौत हो गई। घटना बरहड़वा रेलवे स्टेशन से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर हुई। सुबह में लोगों ने शव देख आसपास के लोगों को जानकारी दी। इसके बाद शव की पहचान अजय हांसदा के रूप में हुई। सूचना मिलने के बाद बरहड़वा थाना प्रभारी रवींद्र कुमार घटना स्थल पर पहुंचे। मामले की जांच पड़ताल की।
शव को पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडल अस्पताल भेजने की तैयारी चल रही है। एसडीपीओ प्रदीप उरांव ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। बताया जाता है कि अजय हांसदा सांसद विजय हांसदा के चाचा छट्ठू हांसदा के बेटे थे। गांव पर ही रहते थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद विजय हांसदा के शुभचिंतक उनके घर पहुंचने लगे हैं।

