झारखंड की राजधानी रांची के चान्हो इलाके में सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया है। चान्हो इलाके के सोंस में एक पति ने सिल के पत्थर से कूच कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। महिला की पहचान सावित्री देवी के रूप में की गई है। आरोपी पति रमेश लातेहार के चंदवा कर रहने वाला बताया जा रहा था। घटना को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया है। पता चला है कि महिला अपने मायके आई हुई थी। इसी दौरान उसे वापस ले जाने के लिए पति ससुराल आया था। आरोपी पत्नी के मायके आने से नाराज था। सोमवार की रात खाना खाने के बाद पूरा परिवार सोने के लिए गया। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि दोनों के बीच बात बहस से शुरू हुई। इसके बाद पति ने पत्नी को पास में मसाला तैयार करने के लिए रखे सिल से हमला कर दिया। इसमें पत्नी की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए RIMS भेज दिया है। चान्हो थाने की पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छानबीन कर रही है। आपसी विवाद में घटना को अंजाम दिया गया है। देर रात पति-पत्नी के बीच आपस में बहस हुई थी और उसी में इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
