मेदिनीनगर: झारखंड के पलामू में रिकार्ड तोड़ गर्मी पड़ रही है। गर्मी जानलेवा हो गई है। दोपहर में अधिकतम तापमान 45 डिग्री पार कर जा रहा है। आसमान से आग के गोले बरसने जैसे हालात हो गए हैं। गर्म हवाएं चल रही हैं। इसकी चपेट में आने वाले बेहोश हो जा रहे हैं। बुधवार को लू लगने से एक महिला के जीवन का सफर बस में ही समाप्त हो गया। महिला मेदिनीनगर से मुरमा कला गांव जा रही थीं। लू लगने से बस में ही मौत हो गई।
मेदिनीनगर से मुरमा कला गांव जा रही थी महिला
झारखंड में इस समय पलामू में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ रही है। स्थिति यह है कि दिन के समय घर से निकलना आफत को दावत देने के समान है। तेज धूप की चपेट में आने वाले बेहोश और बीमार हो जा रहे हैं। बुधवार को 60 वर्षीय महिला देवंती देवी मेदिनीनगर से राधे-राधे नामक बस पकड़कर मुरमा कला गांव जा रही थीं। स्वजन गुड्डू सिंह ने महिला को बस में बिठाया था। बस मुरमा कला गांव तक जाती है। बस के कंडक्टर ने बताया कि पड़वा मोड़ के आसपास महिला को बेचैनी महसूस हुई। उसने बगल के यात्री को अपनी स्थिति बताई। साथ ही पीने के लिए पानी मांगी। इस बीच उसकी हालत बेहद खराब हो गई।
