झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है। हाता-चाईबासा मार्ग पर राजनगर इलाके में रोला के पास ट्रक और हाईवा की आमने-सामने की भिड़त हो गई। इसमें दोनों वाहनों के चालाकों की मौत हो गई है। ट्रक चालक की पहचान बोकारो तुरूडीह के रहनेवाले अशोक कुमार महतो के रूप में की गई है। वहीं हाईवा चालक की पहचान पोटका कोवाली लखनडीह के रहने वाले कोंदा सरदार के रूप में हुई है। घटना बुधवार सुबह छह बजे की बताई जा रही है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दोनों चालकों के शव को घटनास्थल से हटाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस की माने तो ऐसा लगता है कि दुर्घटना वाहन चालकों के नींद में होने के कारण हुई। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो जाएगी। बताया जा रहा है कि हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

