कोडरमा में दर्दनाक हादसा हुआ है। जयनगर थाना क्षेत्र के घंघरी के समीप एक तालाब में डूबने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना गुरुवार की लगभग 10 बजे सुबह की है। जानकारी के अनुसार खेड़ोबार निवासी गोविंद कुमार यादव (20) पिता बंधु यादव तथा काजू कुमार यादव (18),पिता शंकर यादव दोनों घंघरी के समीप एक तालाब में नहाने गए थे। इसी दौरान गोविंद कुमार यादव गहरे पानी में डूब गए। गोविंद को डूबते देख काजू कुमार बचाने के लिए पानी में छलांग लगाई, लेकिन वह भी गहरे पानी में डूब गया।
घटना को देख मवेशी चरा रही एक बच्ची ने शोर मचा कर आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलते ही घंघरी गांव के दर्जनों लोग दौड़ पड़े। दोनों को बचाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने दोनों को तालाब के गहरे पानी से बाहर निकाला। इस दौरान दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दोनों युवकों के स्वजनों को इसकी जानकारी दी गई। पुलिस की टीम ने घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों मृतकों के स्वजनों का रो रोकर बुरा हाल है।

