धनबाद: रेलवे स्टेशन पर दिल्ली और दक्षिण भारत से आने वाले यात्रियों की जांच को लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीम स्टेशन मास्टर से मिला। इस दौरान कोरोनावायरस के बढ़ते संक्रमण को लेकर चर्चा की गई। इसके साथ रेलवे स्टेशन पर कोरोना वायरस की जांच करने को लेकर रेलवे और स्वास्थ्य विभाग की टीम में कई मुद्दों पर चर्चा की। यह तय किया गया कि दिल्ली और दक्षिण भारत से आने वाली अधिकांश ट्रेन सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक धनबाद स्टेशन पर आती है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की ओर से सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक की जांच अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद किसी भी यात्री ट्रेन की जांच नहीं की जाएगी।
सभी यात्रियों को रैपिड किट से जांच करने का निर्देश
जिला महामारी रोग नियंत्रण विभाग के पदाधिकारी डॉक्टर राजकुमार सिंह ने बताया कि रेलवे प्रबंधन से वार्ता हुई है। कोशिश है कि बाहर से आने वाले संक्रमण को रोका जा सके। रेलवे प्रबंधन से फिलहाल और सहयोग की अपेक्षा की जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी यात्रियों की रैपिड एंटीजन किट से जांच करने को कहा गया है। ताकि समय पर यात्रियों को उनकी रिपोर्ट दी जा सके। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति मिलता है तो उसे कैथ लैब में भर्ती कराया जाएगा। इसके साथ मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों की भी जांच की जाएगी।

