पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे डॉ. विजय सिंगला को कैबिनेट से बर्खास्त कर दिया गया है। CM मान ने कहा कि सिंगला स्वास्थ्य विभाग में हर काम और टेंडर के बदले 1% कमीशन मांग रहे थे।
बर्खास्तगी के बाद पंजाब पुलिस के एंटी करप्शन विंग ने सिंगला के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें मोहाली के फेज 8 पुलिस थाने में रखा गया है, जहां सीनियर अफसर उनसे पूछताछ कर रहे हैं।
खास बात यह है कि पंजाब का स्वास्थ्य मंत्री रहते हुए विजय सिंगला ने 28 मार्च को कहा था कि वे भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने करप्शन पर जीरो टॉलरेंस का दावा भी किया था। उस बयान के ठीक 57 दिन बाद यानी 24 मई को CM भगवंत मान ने करप्शन के मामले में ही उन्हें पद से हटा दिया।
CM मान ने खुद करप्शन की जांच की
सिंगला के भ्रष्टाचार की शिकायत CM भगवंत मान तक पहुंची थी। उन्होंने गुपचुप तरीके से इसकी जांच कराई। अफसरों से पूछताछ की, फिर मंत्री सिंगला को तलब किया गया। मंत्री ने गलती मान ली, इसके बाद उन्हें बर्खास्त किया गया। इधर, दिल्ली के मुख्यमंत्री और AAP के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने CM भगवंत मान की तारीफ करते हुए कहा है कि उन्हें इस फैसले पर गर्व है।

