जमशेदपुर के मानगो इलाके में एक टायर गोदाम में भीषण आग लगी है। आग की लपटें आसमान में ऊंची उठ रही है। धुएं के गुबार ने आसपास के इलाके को ढक दिया है। लोगों को धुएं के कारण सांस लेने में परेशानी हो रही है। ये आग उलीडीह थाने के हिलव्यू कॉलोनी से सटे एक टायर गोदाम में देर रात लगी।
देखते ही देखते आग ने आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। यह इलाका मानगो डिमना चौक से पारडीह के बीच पड़ता है। मामले की जानकारी मिलने के बाद फायर ब्रिगेड, टाटा स्टील और टाटा मोटर्स की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची है। रविवार की दोपहर हालात का जायजा लेने पूर्वी सिंहभूम की उपायुक्त विजया जादव पहुंचीं। हालात को नियंत्रित करने के लिए रांची से अग्निशमन की गाड़ियां मंगाई गई हैं।
लोग खुद खाली कर रहे घर-दुकान
बताया जा रहा है कि जिस वक्त आग लगने की घटना हुई। उस वक्त गोदाम बंद था। प्रशासन ने आसपास के इलाके के लोगों की सुरक्षा के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। नुकसान कम से कम हो। इसलिए लोग खुद से अपने सामान दूसरी तरह पर शिफ्ट कर रहे हैं।
आग से निकलने वाला धुएं से लोगों को भारी परेशानी हो रही है। करीब पांच किलोमीटर के इलाके में लोगों का रहना मुश्किल हो रहा है। लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। हालात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई किलोमीटर दूर से आग की लपटें और धुएं का गुबार को देखा जा सकता है। अब तक आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

