SSP संजीव कुमार ने धनबाद को अशांत करने का प्रयास करने वाले अमन सिंह गिरोह का कमर तोड़ने के बाद मानो अब प्रिंस एंड कंपनी पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. इसी कड़ी में रविवार को आज वासेपुर के गैंगस्टर प्रिंस खान के घर कुर्की जब्ती की गई. धनबाद पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर प्रिंस खान के घर की तलाशी.
पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय वन) अमर कुमार पांडे और बैंक मोड़ थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर पी के सिंह के नेतृत्व में आज प्रिंस खान के घर की कुर्की जब्ती हुई. पुलिस ने दरवाजा, खिड़की उखाड़ा ही साथ 7 फ्रीज, AC, बर्तन, बिछावन, कसरत करने की मशीन सहित चौखट -दरवाजे तक कुर्क कर लिया.
कुर्की जब्ती के दौरान पुलिस अचंभित रह गई, जब उसने घर में नोट गिनने की मशीन मिली. पुलिस ने घर से नोट गिनने की मशीन भी कुर्की की और साथ ले गए. SP (ग्रामीण) रिषमा रमेशन ने बताया कि जब्त किए गए सामानों की सूची बनाई जा रही है.
पूरे धनबाद में आतंक का पर्याय बन चुके प्रिंस खान के घर रविवार को धनबाद पुलिस ने ना केबल अपनी मौजूदगी का एहसास कराया अपितु अपनी हनक भी दिखाई. कुर्की जब्ती के के लिए पूरे वासेपुर को पुलिस छावनी में तब्दील कर पुलिस प्रिंस खान के आवास पर कार्रवाई शुरू की. कुर्की जब्ती के दौरान घर में सिर्फ प्रिंस खान की मां नसरीन खातून मौजूद थी.
बता दें कि धनबाद में पहली बार ऐसा हुआ जब जमीन कारोबारी नन्हे हत्याकांड के बाद प्रिंस खान ने वीडियो जारी कर हत्या की जिम्मेवारी ली और फहीम खान के सल्तनत को समाप्त कर देने की धमकी दी. उसके बाद से लगातार कई के घरों में प्रिंस खान के गुर्गे धमकाने के लिए फायरिंग की. वीडियो जारी कर पुलिस को भी चुनौती दी.
अभी हाल ही में पैरोल पर आए गैंगस्टर फहीम खान ने कहा था कि प्रिंस खान जैसे लोगों की धमकी 40 साल से सुन रहे है. कुछ नहीं बिगड़ने वाला है. प्रिंस खान का जवाब पुलिस देगी और कानून के चंगुल से कोई बच नहीं सकता है.
एसएसपी संजीव कुमार ने बताया कि प्रिंस खान को गिरफ्तार करने की भी पूरी कोशिश की जा रही है. वह एक जगह छुप कर बैठ गया है. जिसके कारण पुलिस उसे पकड़ नहीं पा रही है.
प्रिंस खान के वकील उदय भट ने कहा कि प्रिंस खान को घर से बेदखल कर दिया गया है. पत्नी ने भी तलाक की याचिका दायर की है. ऐसे में कुर्की नहीं हो सकती है. कहा कि इसके विरोध में कोर्ट में जाएंगे. यहां बता दें कि कुर्की सुबह साढ़े 9 से शाम साढ़े 6 तक चली. लगभग 50 लाख का सामान कुर्क किया गया है.

